बांकेगंज (लखीमपुर खीरी)। मैलानी थाना क्षेत्र के इंदिरानगर गांव में सरेशाम तीन वैनों से आए बदमाशों ने तीन युवतियों को अगवा करने की कोशिश की। उनके शोर मचाने पर गांव वाले इकट्ठा हो गए। न केवल उनकी कोशिश विफल कर दी बल्कि दो वैनों को कब्जे में ले लिया। तीसरी वैन से सभी बदमाश भागने में सफल रहे।
बताया जाता है कि शाम को जब युवतियां शौच के लिए जंगल की ओर जा रहीं थीं, तभी तीन वैनों से आए बदमाशों ने उन्हें अगवा करने की कोशिश की। उनके शोर मचाने पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। जिस पर दो वैनों को छोड़कर तीसरी वैन से सभी बदमाश फरार हो गए। बाद में युवतियों के परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए और उन्हें अपने साथ ले गए। युवतियों की आयु 14 से 18 साल बताई जा रही है। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत है। कुकरा चौकी प्रभारी अनेक पाल सिंह ने बताया कि जानकारी मिली है मौके पर पुलिस को भेजा गया है। बदमाशों के भाग निकलने की जानकारी मिली है।