आंवला इलाके के खनन माफिया नन्हे यादव को गिरफ्तार कर पुलिस ने उसके खिलाफ सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह की हत्या की कोशिश करने का मामला दर्ज कर लिया है। थाना सिरौली की पुलिस ने यह रिपोर्ट सिंचाई मंत्री के भाई डॉ. मान सिंह की ओर से दर्ज की है। डॉ. मान सिंह की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप है कि नन्हे यादव गांव लिलौर सहसा में चल रही सिंचाई मंत्री की जनसभा में तमंचा लेकर घुस गया। उसने गालियां देते हुए सिंचाई मंत्री को निशाना बनाकर फायर किया जो इत्तफाक से मिस हो गया।
शनिवार को सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह की गांव लिलौर सहसा में चल रही जनसभा में इलाके का खनन माफिया नन्हे यादव तमंचा लेकर घुस गया था। भरी सभा में उसने मंत्री को गालियां दीं, कार्यकर्ताओं ने विरोध किया तो वह भाग निकला। रविवार को समर्थकों के साथ थाना सिरौली पहुंचे मंत्री के भाई डॉ. मान सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। जिसके आधार पर नन्हे यादव के खिलाफ मंत्री की हत्या की कोशिश की एफआईआर दर्ज कर ली गई। इसके बाद दोपहर के वक्त गांव सुनरासी स्थित नन्हे के घर पर दबिश देकर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि शनिवार को जिस वक्त सिंचाई मंत्री की सभा में नन्हे यादव के तमंचा लेकर पहुंचने के बाद बवाल हुआ, उस वक्त वहां पुलिस भी मौजूद थी। नन्हे यादव मंत्री को गालियां देता रहा लेकिन इसके बावजूद पुलिस वाले तमाशा देखते रहे। आखिरकार कार्यकर्ताओं ने नन्हें यादव की घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की जिस पर वह तमंचा लहराते हुए भाग निकला था।
----------
सिंचाई मंत्री पर हमला करने वाले बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के बाद उसको जेल भेजा जाएगा। मंत्री जी से हमारी फोन पर बात हुई थी। उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया है।
- जोगेंद्र कुमार, एसएसपी