बरेली में हवा की दिशा बदलने से सोमवार सुबह भी घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों के सापेक्ष बरेली में सर्वाधिक घना कोहरा होने की पुष्टि की है। भोर में करीब तीन घंटे तक दृश्यता शून्य रही। आवासीय इलाकों का वायु गुणवत्ता सूचकांक सामान्य से दोगुना दर्ज हुआ। इससे सांसों पर भी प्रदूषण का पहरा रहा।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, पछुआ हवा के प्रवेश से तापमान में गिरावट जारी है। सुबह कोहरा छंटने के बावजूद हल्की धुंध छा रही है। इससे धूप बेअसर साबित हो रही है। हवा हल्की ठंड का अहसास करा रही है। सोमवार सुबह दृश्यता शून्य होने से विद्यार्थियों को स्कूल जाने में परेशानी हुई। कई बच्चों के परिजन ऑटो से भेजने के बजाय खुद ही बच्चों को स्कूल छोड़ने गए। हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। कारें रेंगती नजर आईं।
अतुल कुमार के मुताबिक, अगले तीन से चार दिन तक मौसम में बदलाव का अनुमान नहीं है। सुबह-शाम कोहरा रहेगा। रात में ठिठुरन बढ़ सकती है। सोमवार को अधिकतम पारा एक डिग्री लुढ़ककर सामान्य से चार डिग्री कम 23.2 डिग्री और न्यूनतम 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।