बहेड़ी। मिनी बैंक संचालक सत्येंद्र कुमार की मौत के मामले में पुलिस की कार्रवाई पर परिजनों ने नाराजगी जाहिर की है।परिजनों ने शनिवार को थाने आकर हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। पुलिस ने बताया कि मामले में अभी जांच जारी है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
परिजनों के मुताबिक, सत्येंद्र कुमार बृहस्पतिवार की रात मिनी बैंक बंद करके बाइक से गांव जा रहे थे। चौधरी ढाबे पर खाना खाने रुके। वहां मोहम्मदपुर निवासी अंकित से झगड़ा हो गया। अंकित और उसके दो साथियों ने सत्येंद्र से मारपीट की। आरोप है कि सत्येंद्र जान बचाकर बाइक से निकले तो पीछे से उनके सिर पर रॉड से वार किया गया। गंभीर रूप से घायल सत्येंद्र को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में मारपीट, हत्या की कोशिश और गाली-गलौज की रिपोर्ट दर्ज की।
सत्येंद्र के पिता शनिवार को इंद्रजीत गंगवार, अभिजय पटेल, सुरेंद्र कुमार, मानसिंह यदुवंशी, मुकेश गंगवार, जयदेव यदुवंशी और प्रेम प्रकाश वर्मा के साथ इंस्पेक्टर से मिले। उन्होंने पुलिस पर घटना को दुर्घटना का मामला बताकर खुलासा करने का आरोप लगाया। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने हत्या को दुर्घटना में बदलने का प्रयास किया तो धरना प्रदर्शन किया जाएगा। परिजनों ने पुलिस से मामले का सही खुलासा करने की मांग उठाई।
इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने परिजनों को समझाया कि अभी कोई खुलासा नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले में गहनता से जांच कर रही है, जिसमें हत्या और दुर्घटना दोनों पहलुओं पर गौर किया जा रहा है। सीसी कैमरे की फुटेज के साथ घटनास्थल के आसपास के लोगों से भी पूछताछ हुई है। भरोसा दिलाया कि जांच में जो भी सामने आएगा, उसके अनुसार कार्रवाई होगी। किसी निर्दोष को जेल नहीं भेजा जाएगा।