बरेली। बरेली कॉलेज में दर्शन शास्त्र के प्रथम, तृतीय सेमेस्टर और बैक के अभ्यर्थियों की मिड टर्म परीक्षाएं 19 दिसंबर को सुबह 11 बजे से होंगी। वहीं, दर्शन शास्त्र पंचम सेमेस्टर की मिड टर्म परीक्षा 20 दिसंबर को सुबह 11 बजे से कराई जाएगी। संवाद
विद्यार्थियों ने किया पौधरोपण
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से संचालित पंडित दीनानाथ मिश्र इंटर कॉलेज में बुधवार को ''''एक पेड़ मां के नाम'''' कार्यक्रम तहत पौधरोपण किया गया। प्रधानाचार्य सुमित कुमार व बीएड इंटर्नशिप प्रभारी डॉ. ज्योति पांडे ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। शिक्षकों व बीएड प्रशिक्षण प्राप्त विद्यार्थियों ने पौधे रोपित किए। डॉ. ज्योति ने कहा कि हरित आवरण बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और हवा की गुणवत्ता के लिए पौधरोपण जरूरी है। इस दौरान जेआरएफ कपिल कुमार, मीनू सिंह व अन्य उपस्थित रहे। संवाद
गीता सम्मेेलन में श्रवण का शोधपत्र रहा प्रथम
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के विधि विभाग के छात्र श्रवण कुमार शर्मा के शोधपत्र ने तीन दिवसीय नौंवें अंतरराष्ट्रीय गीता सम्मेलन में पहला स्थान हासिल किया है। तीन दिवसीय सम्मेलन का आयोजन कुरुक्षेत्र विवि में डेवलपमेंट बोर्ड हरियाणा के सहयोग से किया गया। इसका शीर्षक श्रीमद्भागवत गीता आधारित संतुलित प्रकृति : शुद्ध पर्यावरण रहा। कार्यक्रम में देश-विदेश से शोधपत्र प्रस्तुत किए गए। श्रवण कुमार के शोधपत्र को प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया। इस उपलब्धि पर विधि विभागाध्यक्ष डॉ. अमित सिंह, डॉ. शहनाज अख्तर, प्रेक्षा सिंह, जूही नसीम ने श्रवण को शुभकामनाएं दीं। संवाद
प्रशिक्षण लेकर छात्राएं ने उगाए मशरूम
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पादप विज्ञान विभाग में एमएससी प्रथम सेमेस्टर की छात्रा प्रियंका गंगवार ने ऑयस्टर मशरूम का प्रशिक्षण लेकर मशरूम का 2.5 गुना अधिक उत्पादन किया है। प्रियंका ने कहा कि डॉ. विजय कुमार सिन्हाल की ओर से ऑयस्टर मशरूम बेचने के लिए बाजार भी उपलब्ध कराया गया। छात्रा ग्रामीणों व रिश्तेदारों को भी मशरूम की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वरोजगार कर सकें। विभाग से प्रशिक्षण लेने के बाद कई छात्राओं ने मशरूम उत्पादन किया है। इस उपलब्धि पर विभागाध्यक्ष प्रो. आलोक श्रीवास्तव, प्रो. संजय गर्ग, प्रो. जेएन मौर्य, डॉ. ललित पांडे आदि ने छात्रा को बधाई दी। संवाद