बरेली। बरेली कॉलेज ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर और विधि पाठ्यक्रमों की मेरिट सूची जारी कर दी है। कॉलेज प्रशासन ने एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की पहली, एमए इतिहास की दूसरी और एमए भूगोल की तीसरी मेरिट सूची घोषित की है। इन सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग एक और दो अगस्त को होगी।
मुख्य प्रवेश नियंत्रक वंदना शर्मा और प्राचार्य ओपी राय ने यह जानकारी दी। एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की पहली मेरिट में ओपन श्रेणी का कटऑफ इंडेक्स 311 से 184 तक है। एलएलबी में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों का किसी भी विषय में बैक नहीं होना अनिवार्य है। प्रवेश के समय विद्यार्थियों को अपने मूल प्रमाणपत्रों और उनकी छायाप्रतियों के साथ उपस्थित होना होगा। किसी समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक सेमिनार कक्ष में संपर्क कर सकते हैं।
एमए इतिहास प्रथम वर्ष की दूसरी मेरिट सूची में ओपन श्रेणी का इंडेक्स 65.400 से 63.300 तय किया गया है। ओपन महिला का 63 से 61.400, ओबीसी ओपन का 62.200 से 58.400 और एससी ओपन का 62.800 से 56.500 है। एमए भूगोल की तीसरी मेरिट के लिए केवल शनिवार का दिन निर्धारित है। इसमें ओपन श्रेणी का इंडेक्स 68.800 से 63.250 है।
एमए के अभ्यर्थियों को कार्यालय से प्रवेश फॉर्म लेकर संबंधित विभाग में मूल प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराना होगा। इसके अगले दिन कॉलेज की वेबसाइट bcb.ac.in पर लॉग इन कर ऑनलाइन फीस जमा करनी होगी। एमए अभ्यर्थी सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक सेमिनार कक्ष में सहायता ले सकते हैं। तय तिथि के बाद प्रवेश का कोई दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा।