बरेली। जंक्शन पर बृहस्पतिवार को चेकिंग के दौरान जीआरपी ने प्लेटफाॅर्म नंबर एक से जहरखुरान गिरोह के सदस्य वसीम को गिरफ्तार किया है। मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव निरमानी निवासी वसीम के खिलाफ मुरादाबाद, शाहजहांपुर, लखनऊ, मुजफ्फरनगर में पहले से 10 मामले दर्ज हैं। उसके पास से नशे की 45 गोलियां और 6,250 रुपये बरामद हुए हैं। जीआरपी इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास है। पूछताछ में आरोपी ने कई घटनाओं को अंजाम देने, ट्रेनों में यात्रियों को पेय पदार्थों में नशे की गोलियां देने के बाद उनका सामान लूटने की बात स्वीकार की है। संवाद
निवेश के नाम पर ठगी, रिपोर्ट दर्ज
बरेली। ट्रेडिंग में निवेश करने के नाम पर साइबर ठगों ने लाखों रुपये की धोखाधड़ी कर ली। इसमें से कुछ रकम होल्ड करा दी गई है। बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। ग्रीन पार्क निवासी अविनाश चंद्रा ने बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय को बताया कि ट्रेडिंग में निवेश करने के लिए बीआई फाइनेंस कंपनी के नाम से उनसे संपर्क किया गया। फिर उनके साथ 3,70,000 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी कर ली गई। इसमें से 1,58,698 रुपये अविनाश की शिकायत फर होल्ड करा दिए गए हैं। अविनाश ने बकाया रकम दिलवाने की मांग की है। बारादरी थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो
विवाहिता को करंट लगाया, रिपोर्ट दर्ज
बरेली। बारादरी क्षेत्र में ससुराल वालों ने विवाहिता को करंट लगा दिया। कोई संदिग्ध पदार्थ पिलाकर उसकी हत्या करने की कोशिश की। बारादरी थाने में विवाहिता के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रबड़ी टोला निवासी शमीम ने थाना प्रभारी धनंजय पांडेय को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी अलीना का निकाह अरमान बेग से किया था। निकाह के बाद अरमान बेग और उसके परिजन अलीना की पिटाई करते हैं। सास अर्शी और ननद अलीशा भी प्रताड़ित करती हैं। सभी ने मिलकर अलीना पर हमला कर दिया। अलीना को करंट लगाया और कोई विषैला पदार्थ पिलाकर हत्या करने की कोशिश की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि अलीना के पिता की ओर से मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। ब्यूरो