बहेड़ी (बरेली)। देवरनिया थाना क्षेत्र में कन्फेक्शनरी की दुकान में आग लगाने, दूसरे दुकानदार को पीटने व रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी मयंक वर्मा समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट से चारों को जेल भेज दिया गया। मयंक के दादा दिवंगत अंबा प्रसाद बहेड़ी से विधायक रहे थे। मयंक का भाई शशांक अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
गांव कठर्रा निवासी पीतम सिंह का बरेली-नैनीताल हाईवे किनारे विशाल मेडिकल स्टोर है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि मयंक वर्मा और शशांक वर्मा दो साल से उनसे रंगदारी वसूल रहे थे। 19 अगस्त की सुबह दोनों भाई अपने 10–12 साथियों के साथ दो कार में सवार होकर पहुंचे।
उन्होंने पहले पास की खाटू श्याम कन्फेक्शनरी में आग लगाई, फिर मेडिकल स्टोर पर हमला कर करीब 50 हजार रुपये का नुकसान पहुंचाया और बैग में रखे 5,500 रुपये छीन लिए।
हमले में पीतम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके कान में चोट लगने से सुनने की क्षमता भी खत्म हो गई। मामले में मेडिकल संचालक और कन्फेक्शनरी स्वामी ने अलग-अलग दो मुकदमे दर्ज कराए थे। इसमें मयंक वर्मा और शशांक वर्मा समेत चार आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने जब गिरफ्तारी नहीं की और आरोपी धमकी देते रहे तो पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की थी।
थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि कठर्रा निवासी मयंक वर्मा व चेतक सिंह, उदरा गांव निवासी मयंक गंगवार, लबेदी गांव निवासी अर्पित सिंह को थाना पुलिस ने सेमीखेड़ा रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। संवाद