अगर सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही नवाबगंज तहसील क्षेत्र में मेगा फूड पार्क का निर्माण शुरू हो जाएगा। निजी क्षेत्र में करीब सवा सौ करोड़ की लागत से बनने वाले इस पहले पार्क में राज्य सरकार हर संभव सहायता करेगी। सीएम योगी आदित्य नाथ ने प्रोजेक्ट रिपोर्ट मांग ली है।
सीएम योगी ने शनिवार को बरेली में रात्रि विश्राम किया था। अपने प्रवास के दौरान सभाओं में सीएम ने औद्योगिकीकरण पर जोर दिया था। रविवार सुबह नौ बजे कुछ उत्साही उद्यमी उनसे मिलने पहुंचे और जिले में नया उद्योग लगाने का प्रस्ताव रखा। प्रमुख कारोबारी पंकज अग्रवाल आदि ने मेगा फूड पार्क बनाने की योजना से सीएम को अवगत कराया। बताया, नवाबगंज तहसील के हाफिजगंज क्षेत्र में 250 बीघा भूमि पर फूड पार्क बनाने की योजना है। इससे दो हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा। आलू, टमाटर, धान और गेहूं आदि उपज का किसानों को भरपूर दाम मिलेगा। मांग कम होने पर आलू, टमाटर सड़क पर फेंक दिया जाता है, लेकिन इसके बनने से ऐसा नहीं होगा।
उद्यमियों ने बताया कि निजी क्षेत्र में बनने वाले पहले इस पार्क के लिए ट्रांसपोर्टिंग और अच्छी बिजली सप्लाई आदि सुविधाएं अपेक्षित होंगी। लाइसेंसी विभागों का सहयोग भी जरूरी है। सीएम ने फूड पार्क योजना पर प्रसन्नता जताई और सभी जरूरी सुविधाएं और सहयोग देने का वादा किया। वार्ता में मौजूद वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल से सीएम ने कहा कि प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करा ली जाए और जल्द ही संबंधित विभागाध्यक्षों की बैठक बुलाकर प्रस्ताव रखा जाए। इस मौके पर आशु अग्रवाल, मोनू झाबर आदि मौजूद रहे।