बरेली। गोरखपुर में मेगा ब्लॉक के कारण बरेली होते हुए गुजरने वाली सात और ट्रेनों को 22 अप्रैल से चार मई तक अलग-अलग तारीखों में निरस्त कर दिया गया है। इससे पहले भी 20 ट्रेनों को निरस्त किया गया था। निरस्त की गईं ट्रेनों में टिकट बुक करा चुके यात्रियाें के लिए रेलवे ने किराया रिफंड करना भी शुरू कर दिया है।
ट्रेनों के निरस्तीकरण के कारण अन्य ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव बढ़ जाएगा। जिन ट्रेनों को निरस्त किया गया है वह सभी बरेली होते हुए पूर्वांचल, बिहार, दिल्ली, पंजाब की ओर जाने-आने वाली हैं। हालांकि, रूटों पर रेलवे अब तक अप-डाउन 38 विशेष ट्रेनों की समय सारिणी जारी कर चुका है। 10 विशेष ट्रेनों का संचालन भी शुरू हो गया है।
विशेष ट्रेनों का किराया ज्यादा होने और इनकी लेटलतीफी के कारण यात्री इन ट्रेनों में यात्रा करने से कतराते हैं। हालांकि, इन दिनों बड़ी संख्या में नियमित ट्रेनों के निरस्त होने के कारण मजबूरन यात्री विशेष ट्रेनों की ओर रुख कर रहे है। कुछ विशेष ट्रेनों में भी अप्रैल अंत तक कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा। गर्मियों का सीजन होने के कारण इन दिनों स्लीपर के स्थान पर एसी श्रेणियों के टिकट की ज्यादा मांग है।
- मुजफ्फरपुर से 28 अप्रैल व पांच मई को चलने वाली 15001 मुजफ्फरपुर-देहरादून एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।
- आनंद विहार टर्मिनल से 27, 28 अप्रैल व एक, तीन, चार मई को चलने वाली 12572 आनंद विहार-गोरखपुर एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।
- गोरखपुर से 22, 24, 28, 29 अप्रैल व एक मई को चलने वाली 12595 गोरखपुर-आनंद विहार एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।
- गोरखपुर से 28 अप्रैल को चलने वाली 12587 गोरखपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।
- गोरखपुर से 28 अप्रैल को चलने वाली 22423 गोरखपुर-अमृतसर एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।
- आनंद विहार से 22, 23, 25, 29, 30 अप्रैल व दो मई को चलने वाली 12596 आनंद विहार-गोरखपुर एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।
- गोरखपुर से 22 एवं 29 अप्रैल को चलने वाली 15023 गोरखपुर-यशवन्तपुर एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।