हरूनगला उपकेंद्र के सनराइज मोहल्ले में दोपहर तीन बजे लाइट चली गई, यह शाम को 5:30 बजे आई। सेटेलाइट में भी लोकल फॉल्ट के कारण शाम चार से सात बजे तक बिजली गुल रही। पवन विहार में दिनभर ट्रिपिंग होती रही। सुरेश शर्मा नगर में शनिवार रात 7:15 बजे तार में आग लगने से आपूर्ति प्रभावित रही।
अधिशासी अभियंता नितिन कुमार ने बताया कि अशरफ खां छावनी मामले में एसडीओ को बोला है। लोकल फॉल्ट है, उसका पता लगाया जा रहा है। प्राथमिकता के आधार पर अन्य समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
बिजली कटौती से 12 वार्डों में गहराया जल संकट
बिजली कटौती की वजह से शहर के 12 से अधिक वाडों में जल संकट पैदा हो गया है। कुछ वार्डों में दिनभर में केवल दो ही घंटे पानी आ रहा है। हरूनगला, पवन विहार, महानगर, कोहाड़ापीर, सनसिटी, किला, सुभाषनगर, सीबीगंज, स्वालेनगर, संजयनगर और पुराना शहर समेत अन्य इलाकों में पानी की समस्या बनी हुई है। प्रशासन ने बिजली आपूर्ति को पटरी पर लाने के लिए पीक ऑवर्स (शाम सात से रात नौ बजे तक) में 31 मई तक विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों पर जिम्मेदार अधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई है, ताकि पानी की सप्लाई के दौरान बिजली की समस्या उत्पन्न न हो।
इन अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे संबंधित उपकेंद्रों और उससे जुड़े क्षेत्रों का सत्यापन करेंगे। उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराएंगे और अपनी दैनिक रिपोर्ट व्हाट्सएप ग्रुप से अधिकारियों को भेजेंगे।