बरेली। कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में न पहुंचने पर डीएम ने बीएसए तनुजा त्रिपाठी समेत पांच अधिकारियों का वेतन रोक दिया है। कुछ दिन पहले जिला पंचायत बोर्ड की मीटिंग में भी बीएसए के न पहुंचने पर उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पारित किया गया है। बोर्ड सदस्यों का शिकायत थी बीएसए फोन तक रिसीव नहीं करती हैं।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने समीक्षा कार्यों की मीटिंग बुलाई थी। मीटिंग में कई अफसरों को नदारद देख डीएम बिफर पड़ थे। उन्होंने डीएसटीओ एसपी वर्मा को बगैर बताए गायब रहने वाली बीएसए, डीएसओ, पीडी नेडा, एक्सईएन बिजली और जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी के खिलाफ वेतन रोकने की कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इससे पहले आईएमए हाल में पिछले सप्ताह बोर्ड की मीटिंग में भी बीएसए सहित कई अधिकारियों के गायब रहने पर हंगामा हुआ था। इधर कलक्ट्रेट में समीक्षा में सामने आया कि धनराशि के अभाव कारण कई विकास कार्य पूरे नहीं हुए हैं। साथ ही खाद्य विभाग, कृषि और कृषि रक्षा विभाग, ग्राम विकास सहित कई विभाग के अधिकारियों ने पौधरोपण के लिए पौधों का उठान ही नहीं किया है। डीएम ने इन सभी विभागों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में डीएम ने कहा कि 10 अगस्त को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह विकास भवन में समीक्षा करने आ रहे हैं। इसे लेकर तैयारी पूर्ण कर ली जाय।