बरेली। स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जानने के लिए शुक्रवार को शासन की टीम ने जिला अस्पताल समेत यूपीएचसी हरूनगला, सीएचसी नवाबगंज का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल में सूची के सापेक्ष कई दवाओं की अनुपलब्धता पर नाराजगी जताई। फार्मेसी प्रभारी से जवाब मांगा।
प्रभारी ने मेडिकल काॅरपोरेशन को दवा की डिमांड भेजने और जल्द उपलब्धता की बात कही। टीम ने फॉलोअप के निर्देश देकर दवा जल्द मंगाने के लिए कहा। इससे पूर्व टीम ने ओपीडी, इमरजेंसी, ऑपरेशन कक्ष, बच्चा वार्ड व अन्य विभाग देखे। इसके बाद टीम हरूनगला यूपीएचसी पहुंची। नोडल अफसर डॉ. अजमेर सिंह ने बताया कि टीम में अपर निदेशक कार्यालय के जेडी डॉ. लक्ष्मण सिंह और डॉ. सरोज शामिल रहे। उन्होंने मौजूद स्टाफ से आभा आईडी से मरीज के ऑनलाइन इलाज की पूरी प्रक्रिया पूछी और व्यावहारिक आकलन किया। बताया कि टीम की ओर से अन्य यूपीएचसी का निरीक्षण भी प्रस्तावित था, लेकिन देरी के चलते टीम नवाबगंज सीएचसी रवाना हो गई। ब्यूरो