बरेली। बड़े पैमाने पर सैंपल और अवैध दवाओं का जखीरा पकड़े जाने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन यानी एफएसडीए के अफसरों ने इस खेल के पीछे छिपे रसूखदार लोगों के चेहरे बेनकाब करने की रणनीति बना ली है। माना जा रहा है कि इसके तहत कुछ थोक कारोबारियों के साथ कई डॉक्टरों और दवा कंपनियों से जुड़े लोगों की भूमिका भी छानबीन की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक बसंत विहार में पकड़े गए सैंपल की दवाओं के कारोबार के पीछे कुछ थोक कारोबारियों को चिह्नित किया गया है। कुछ लोगों ने अवैध कारोबारी की पैरवी करने की कोशिश भी लेकिन एफएसडीए टीम का सख्त रवैया देखकर उल्टे पांव लौट गए।
एफएसडीए को जानकारी मिली है कि सैंपल की दवाओं के इस खेल में इशांक मिश्रा महज एक मोहरा है। कारोबार के पीछे दरअसल कई प्रमुख डॉक्टर और दवाओं के बड़े कारोबारी शामिल हैं। एफएसडीए अफसरों का मानना है कि इस अवैध कारोबार की कड़ियां खुलने पर कई बड़े रसूखदार बेनकाब होंगे। विभाग को यह भी जानकारी मिली है कि शास्त्री बाजार और गली नवाबान में कारोबार करने वाले तीन चार कारोबारी सैंपल और बिना लाइसेंस दवाओं के धंधे में पर्दे के पीछे खेल खेलते हैं। इनमें से कुछ फेंसिडिल और नारकोटिक्स दवाओं के कारोबारी भी शामिल हैं। बता दें कि पिछले साल इस मामले में पकड़ा गया एक कारोबारी और उसका सहयोगी आज भी दिल्ली की एक जेल में बंद हैं।
एक्सपायरी दवाओं का भी खेल
दवाओं के खेल में एक्सपायरी दवाएं भी खपाई जाती हैं। सैंपल की दवाओं का सबसे बड़ा बाजार ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्र बताए जा रहे हैं। सबसे ज्यादा तादाद में इसके खरीददार झोलाछाप हैं। जैसी जानकारी मिली है, उसके मुताबिक जिले में करीब चार करोड़ रुपये कीमत के सैंपल चुपचाप खपाए जा रहे हैं। इसके समेत कुछ थोक कारोबारियों की मिलीभगत से अवैध मेडिकल स्टोर और कारोबार भी बदस्तूर चल रहा है।
इशांक पर लगीं धोखाधड़ी की धाराएं
एफएसडीए टीम की ओर से दी गई तहरीर पर शुक्रवार रात दो बजे थाना इज्जतनगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली। शनिवार दोपहर को पकड़ा गया अवैध दवा कारोबारी इशांक मिश्रा को जेल रवाना कर दिया है। बता दें कि बसंत कॉलोनी स्थित अर्शना रेजीडेंसी के एक मकान में छापा मारकर सैंपल की दवाओं का जखीरा पकड़ा था। पुलिस ने धारा 419, 420 में मुकदमा दर्ज किया है। ड्रग इंस्पेक्टर विवेक कुमार ने बताया कि विभाग ड्रग और कॉस्मेटिक अधिनियम में भी कार्रवाई करेगा। अवैध भंडारण में कुछ ऐसी दवा मिली है जो कॉस्मेटिक श्रेणी में आती हैं, इनकी जांच कराई जाएगी।