बरेली। बदायूं मार्ग पर सुभाषनगर में चुंगी के पास बिना लाइसेंस के सनी चिकन एंड मटन शॉप पर मांस बिकता मिला। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दुकान का संचालन बंद कराया है। तैयारी हो रही है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि उन्हें बिना लाइसेंस प्राप्त किए मांस बेचने की सूचना मिली थी। मौके पर जाने पर विक्रेता लाइसेंस नहीं दिखा पाया। तुरंत ही दुकान को बंद करा दिया गया। लाइसेंस लेने के बाद ही कारोबार दोबारा शुरू करने की हिदायत दी गई है।
उन्होंने बताया कि दुकान संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत परिवाद दायर कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि अय्यूब खां चौराहे पर संचालित जुबिलियन फूड (डोमिनोज), स्टेशन रोड पर हिंदू शुद्ध भोजनालय, पीलीभीत मार्ग पर सेटेलाइट बस अड्डा के पास वाजपेयी रेस्टोरेंट, गर्वमेंट कैंटीन, होटल एवं रेस्टोरेंट, ग्रीन डोर रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया है।
मुड़िया अहमद नगर में होटल रेडिसन पर भी साफ-सफाई की जांच की गई। डीडी पुरम के मीट मी हियर रेस्टोरेंट का भी खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने निरीक्षण किया है। इन सभी को प्रतिष्ठान पर साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए हैं। संवाद