फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाईवे पर मीट की दुकानें बंद, कारोबारी टेंशन में

Mon, 30 Jul 2018 06:18 PM IST
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
सावन के दौरान जिस रास्ते पर कांवड़िए निकलेंगे, उन रास्तों पर मीट और शराब की दुकानें बंद रहेंगी। सड़कों पर कांवड़ियों की भीड़ चूंकि शनिवार से सोमवार तक रहती है, इसलिए सावन भर हफ्ते में इन्हीं तीनों दिन बंदी का फरमान लागू होगा। पुलिस अफसरों ने हालांकि लिखा-पढ़ी में यह आदेश जारी नहीं किया है, लेकिन मीट कारोबारियों तक यह संदेश भेजकर कड़ाई से इसका पालन कराने को कहा गया है। इस बंदी को लेकर मीट कारोबारी टेंशन में हैं। उनका कहना है कि हाईवे पर मीट कारोबार बंद रखने में उन्हें कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन अगर शहर के अंदर भी दुकानें बंद कराई गईं तो उन्हें काफी नुकसान होगा।
विज्ञापन

सावन के दौरान कोई विवाद न हो, इसके लिए पुलिस हर तरह से सख्ती बरत रही है। अफसरों के मौखिक आदेश पर थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में कांवड़ रूट पर पड़ने वाली मांस और शराब की दुकानों शनिवार, रविवार और सोमवार को बंद रखने के आदेश दिए हैं। रविवार को पुलिस ने जो भी दुकान खुली देखी, उसे हड़काकर बंद करा दिया। एसपी सिटी अभिनंदन सिंह ने बताया कि मांस और शराब की दुकानें बंद रखने के लिए कोई निर्देश नहीं जारी किया गया है लेकिन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कांवड़ रूटों पर दुकानदारों से दुकानें बंद रखने को कहा गया है। 
 उधर, सावन के पहले सोमवार पर शहर में करीब 25 हजार कांवड़ियों की मौजूदगी का अनुमान है। रविवार रात से ही इनके शहर में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। शहर से कछला जल लेने के लिए 51 जत्थे और गढ़ मुक्तेश्वर से जल लेने के लिए नौ जत्थे गए हैं। इसके अलावा पैदल एवं बाइक से जाने वालों की संख्या अलग है। इन सभी को मिलाकर 25 हजार कांवड़ियों के पहुंचने का पुलिस अनुमान लगा रही है। इनकी सुरक्षा व्यवस्था के लिए शहर में एक कंपनी आईटीबीपी लगाई गई है। इसके अलावा अन्य शाखाओं से दस अतिरिक्त इंस्पेक्टर लगाए गए हैं। मंदिरों पर वीडियोग्राफी और निगरानी के साथ ही कांवड़ मार्ग पर चौकियां बनाई गई हैं।
विज्ञापन

उधर, मीट कारोबारियों का कहना है कि मेन रोड पर जहां मीट शॉप हैं, उन्हें बंद रखने में वे प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं, लेकिन मोहल्लों में जहां कांवड़ यात्रा नहीं जाती है, वहां प्रशासन दुकानें सिर्फ सोमवार को बंद कराए। क्योंकि वैसे भी अब ओपन शॉप नहीं हैं, सभी माडर्न शॉप है। कारोबारियों का कहना है कि एक सप्ताह पहले एसपी, सीओ और एलआईयू अफसरों के साथ मीट व्यापारियों की बैठक हुई थी, उसमें भी सिर्फ एक दिन सोमवार को ही मीट शॉप बंद रखने का नोटिस दिया गया था, लेकिन अब तीन दिन दुकानें बंद रखने की बात कही जा रही है। 
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें