बरेली। एक निजी मेडिकल कॉलेज में गुरुवार देर रात गर्ल्स हॉस्टल के कमरा नंबर 320 में आग लगने से जूनियर डॉक्टर सुकीर्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, जूनियर डॉक्टर के सिरहाने हीटर लगा हुआ था। हीटर से रजाई में आग लगने के कारण हादसा हुआ। कमरे से धुआं और आग निकलती देख पड़ोसी छात्राओं ने सूचना दी तो स्टाफ ने पहुंचकर आग बुझाई। सुकीर्ति बिहार के पटना की रहने वाली थीं और मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस करने के बाद इंटर्नशिप कर रही थीं।
पटना के शहजानंद पथ नार्थ एसके पुरी निवासी संजय शर्मा की बेटी डॉ. सुकीर्ति शर्मा करीब साढ़े चार साल से मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में रह रहीं थीं। वर्ष 2019 में एमबीबीएस पूरा करने के बाद इस समय इंटर्नशिप पर थीं। गुरुवार रात करीब दो बजे ड्यूटी पूरी होने के बाद डॉ. सुकीर्ति गर्ल्स हॉस्टल की चौथी मंजिल के अपने कमरा नंबर 320 में जाकर सो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि सोते वक्त सुकीर्ति रॉड वाला हीटर सिराहने रखती थीं। रात में करीब ढाई बजे सुकीर्ति की रजाई हीटर पर आ जाने से आग लग गई।