नोएडा लौटने के लिए सहेली के भाई के साथ जा रही थी सेटेलाइट स्टैंड
बरेली। डेलापीर चौराहे के पास एक हादसे में नोएडा से एमबीए की परीक्षा देने आई छात्रा की मौत हो गई। परीक्षा देने के बाद रात दस बजे वह नोएडा लौटने के लिए सहेली के भाई के साथ बाइक पर सेटेलाइट बस अड्डे जा रही थी, तभी एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे की शिकार 26 वर्षीय एकता मूल रूप से शाहजहांपुर के कस्बा गढ़िया रंगीन की रहने वाली थी और बरेली के एक निजी कॉलेज में एमबीए की छात्रा थी। पोस्टमार्टम हाउस पर उसके पिता राकेश गुप्ता ने बताया कि एकता पढ़ाई करने के साथ नोएडा की एक कंपनी में जॉब भी करती थी। दो दिन पहले एमबीए की परीक्षा देने वह इज्जतनगर की रेलवे कॉलोनी में रहने वाली सहेली के घर आई थी। मंगलवार को परीक्षा देने के बाद रात करीब 10 बजे नोएडा लौटने के लिए वह सहेली के भाई राहुल शर्मा के साथ बाइक से सेटेलाइट बस अड्डे जा रही थी। डेलापीर चौराहे के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक को रोककर ड्राइवर को पकड़ने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। एकता को एक निजी अस्पताल और राहुल को रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर रात अस्पताल में एकता की मौत हो गई।