बरेली में बीते साल 26 सितंबर को हुए बवाल में मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा का बेटा फरमान उच्च शिक्षित है। वह ऑस्ट्रेलिया से एमबीए करने के बाद कुछ समय पहले ही देश आया। अब तक किसी विवाद में भी उसका नाम नहीं आया है। यह पहला मौका है जब पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। क्रिस्टल मेथ ड्रग्स बरामद होने के मामले में शाहजहांपुर के तिलहर थाने में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, मौलाना तौकीर रजा का इकलौता बेटा फरमान रजा खां दीनी तालीम और मदरसा शिक्षा से दूर ही रहा। उसकी शुरुआती शिक्षा कॉन्वेंट स्कूलों में हुई और फिर मौलाना ने उसे एमबीए करने के लिए ऑस्ट्रेलिया भेज दिया। वहां से डिग्री लेकर फरमान काफी पहले लौट आया। वह कभी दिल्ली तो कभी बरेली आवास पर रहता रहा। दोस्तों के साथ टूर पर जाना और महंगी गाड़ियों में सफर करना फरमान का शौक रहा है। वह नशे का आदी है, ये बात अब उसने खुद स्वीकार की है।