ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह और सपा नेता रामगोपाल यादव के बयानों की निंदा की। मौलाना ने दोनों ही नेताओं के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
भारत का पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर की अगुवाई करने वाली महिला सैन्य अधिकारियों पर टिप्पणी करने वाले मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह और सपा नेता रामगोपाल यादव के बयानों की ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने निंदा की। मौलाना ने कहा कि इन दोनों ही नेताओं के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा लिखा जाए।
विज्ञापन
मौलाना ने कहा कि मंत्री के बयान से देश की सेवा करने वाले कर्नल सोफिया कुरैशी और व्योमिका सिंह जैसी सेना की महिला अधिकारियों की तौहीन है। साथ ही भारतीय फौज की कुर्बानियों और देश की महिलाओं की इज्जत व सम्मान के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी और उनके परिवार ने अपनी सारी जिंदगी देश की सेवा में लगाई।
ऐसी निडर फौजी महिला पर मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह द्वारा दिए गए बयान को भारत की जनता माफ नहीं कर सकती है। प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर जातिसूचक टिप्पणी की है। उनका बयान महिला विरोधी, देश विरोधी और फौज के हौसलों को तोड़ने वाला है। केंद्र सरकार इस पर तुरंत कार्रवाई करे।