बरेली। रेलवे और सेल्स टैक्स विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वालों के गैंग का मास्टर माइंड आजमगढ़ का अनुमान यादव है। पुलिस सुल्तानपुर से बाप-बेटा को उठाकर लाई तो उसका नाम प्रकाश में आया। पुलिस की एक टीम उसकी तलाश में आजमगढ़ भेजी जा रही है।
बारादरी थाने में नौकरी के नाम पर ठगी करने के आरोप में सुल्तानपुर जिले के बाप-बेटे के नाम मुकदमा लिखा गया था। सोमवार को पुलिस दोनों को उठा लाई, लेकिन अभी तक किसी का लिखा-पढ़ी नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि जिन लोगों को पकड़ा गया है, वह खुद भी ठगी का शिकार हुए हैं। ठगों का असली मास्टर माइंड तो आजमगढ़ में रहता है। पुलिस को अब उसकी तलाश है। अनुमान दो लाख रुपये नौकरी के लिए लेता है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौते की बात चल रही है। मंगलवार को बात नहीं बनती है तो आगे की कार्रवाई होगी।