बरेली के पॉश इलाके रामपुर गार्डेन में मंगलवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब यहां विद्युत निगम कार्यालय परिसर में बने गोदाम में भीषण आग लग गई। आग से गोदाम में रखे खराब मीटर और ट्रांसफॉर्मर जल गए।
बरेली के रामपुर गार्डेन में मंगलवार की दोपहर अज्ञात कारणों से विद्युत निगम के पुराने गोदाम में रखे खराब मीटरों में आग लग गई, जिससे यहां रखे करीब 20 हजार खराब मीटर व ट्रांसफार्मर जलकर नष्ट हो गए। कयास लगाए जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी होगी। आग लगने के बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया। अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
शहर के रामपुर गार्डेन स्थित कार्यालय अधिशासी अभियंता वाणिज्यक अनुभाग द्वितीय के पुराने गोदाम में दोपहर करीब 12 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग ने धीरे-धीरे विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम के दरवाजे से आग की लपटें बाहर निकलती दिखाई दीं तो वहां पहुंचने वाले उपभोक्ता, अधिकारी, कर्मचारी आग पर काबू पाने के लिए लग गए। सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। अग्निशमन की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
पौने दो घंटे बाद में आग पर पाया जा सका काबू
एक गाड़ी से परिसर के अंदर से आग को बुझाने का प्रयास किया गया। आग पर काबू न मिलने पर टिन को फाड़कर पानी डाला गया। फिर मुख्य द्वार से भी टिन को तोड़कर पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास किया गया। दोपहर करीब पौने दो बजे आग को बुझाया गया। निगम के अधिकारी यह नहीं बता पा रहे हैं कि आग शॉर्ट सर्किट से हुई है या फिर किसी और कारण से। इसके लिए जांच कमेटी बना दी गई है।
विज्ञापन
विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता अंकित गंगवार ने बताया कि स्टोर में रखे खराब स्मार्ट मीटर में आग लगी है। जिस पर पौने दो घंटे बाद काबू पाया गया। आग किन कारणों से लगी है मामले की जांच के लिए कमेटी बना दी गई है।