मृतक के भतीजे मोइन खान ने बताया कि रविवार शाम आकिल घर के बाहर आग जलाकर ताप रहे थे। इसी दौरान नशे की हालत में अचानक वह आग में गिर गए। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान सोमवार तड़के करीब चार बजे उनकी मौत हो गई। आकिल राजमिस्त्री का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी व चार बच्चे हैं। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजन के अनुसार, आकिल कई वर्षों से शराब समेत अन्य नशे के आदी थे। नशा छोड़ने के लिए परिवार के लोग उन्हें कई बार समझाते थे, लेकिन वह नहीं मानते थे। भतीजे ने बताया कि नशे के लिए रुपये मांगने को लेकर अक्सर घर में विवाद भी होता था। कई बार आकिल घर का सामान तक बेच देते थे।