बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र के कटरा चांद खां में पांच साल पहले ब्याही महिला का शव मंगलवार सुबह घर में ही फंदे से लटका मिला। सूचना पर बारादरी पुलिस मौके पर पहुंची। ससुरालवालों ने पति से अनबन के बाद फंदे पर लटकने और मायके वालों ने दहेज की खातिर हत्या की बात कही है। पुलिस ने पति समेत सात लोगों पर रिपोर्ट लिख ली है। हैंगिंग (लटकने से) मौत की पुष्टि हुई है।
लखीमपुर खीरी के मैगलगंज निवासी संतोष कुमारी ने बारादरी थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह को बताया कि उनकी बेटी अनमोल उर्फ कोमल की शादी वर्ष 2021 में कटरा चांद खां निवासी आकाशदीप से हुई थी। दंपती का तीन वर्षीय पुत्र अन्नू है। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज कम लाने को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे।
अनमोल ने कई बार अपने माता-पिता को इस बारे में बताया था। उन लोगों ने बेटी को समझा दिया था। आरोप लगाया कि सोमवार रात करीब दो बजे अनमोल को फंदे पर लटकाकर मार दिया गया।
ससुराल वालों ने उन्हें मौत की सूचना भी नहीं दी। पड़ोसियों से जानकारी मिलने पर परिजन बरेली पहुंचे। उन्होंने देखा कि अनमोल का शव घर में पड़ा था और उसके गले पर फंदे के निशान थे।
-
इन पर हुई रिपोर्ट
थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि मां संतोष कुमारी ने अनमोल के पति आकाशदीप, ससुर राजेश कुमार, कल्याण सिंह, सास कमलेश, देवर शुभम और ननद दीक्षा उर्फ पूजा व शिवानी उर्फ कुंजा पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। इन सभी पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिहाज से बुलाया गया है।