लंबे समय से चल रही थी बीमार, सोमवार को ही यहां वार्ड ब्यॉय पिता के घर आई थी
बरेली। सीतापुर अस्पताल परिसर में बने कर्मचारी आवास में एक वार्ड ब्वॉय की विवाहित बेटी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह काफी समय से बीमार चल रही थी और सोमवार को ही ससुराल शांति विहार से पिता के घर आई थी।
सुभाषनगर निवासी जितेंद्र कुमार उर्फ बंटी की पत्नी 28 वर्षीय लता काफी समय से बीमार चल रही थीं। उनकी आठ माह की बेटी महक भी है। लता के पिता श्रीपाल अयूब खां चौराहा स्थित सीतापुर नेत्र चिकित्सालय में वार्ड ब्वॉय हैं और अस्पताल परिसर में ही बने क्वार्टर में रहते हैं। सोमवार शाम लता अपनी बेटी के साथ पिता के घर आई थीं। मां गुड्डो देवी ने बताया कि मंगलवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे वह घर के बाहर थीं। इसी दौरान लता ने अंदर कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। जब वह अंदर्र आइं तो कमरा बंद था। आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने शोर मचाकर आस-पड़ोस के लोगों को इकट्ठा कर लिया। दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर लता फंदे पर लटकी थी। उसे डॉक्टर के यहां ले जाया गया जहां मृत घोषित कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि लता काफी समय से बीमार चल रही थीं। उनका इलाज भी चल रहा था, इससे वह परेशान रहती थीं।