नवाबगंज। बिजौरिया रोड स्थित साईं मंदिर के सामने रहने वाले रवि राठौर की पत्नी नीरज (24) की इलाज के दौरान बृहस्पतिवार रात मौत हो गई। पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। सूचना पर गई पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
रवि राठौर ने बताया कि उनकी शादी शेरगढ़ के त्रिमाची गांव की नीरज राठौर से 2025 में हुई थी। शादी के बाद से नीरज बीमार रहने लगीं। कई अस्पतालों में उनका इलाज कराया। बाद में उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित एम्स में भी भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को नीरज ने दम तोड़ दिया। वह शव को घर ले आए और मायके पक्ष को सूचना दी।
शुक्रवार को अंतिम संस्कार करने के लिए शव को श्मशान भूमि लेकर गए। वहां मायके पक्ष ने हंगामा किया। पिता देवेंद्र कुमार ने बताया कि ससुराल वाले दहेज की मांग करते हुए नीरज को परेशान करते थे। उसके इलाज में लापरवाही बरती गई, जिससे बेटी की जान गई है। इस बाबत सीओ नीलेश मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।