बरेली। किला इलाके में ससुरालवालों की प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने जान दे दी। विवाहिता के भाई ने किला थाने में मामला दर्ज कराया है।
प्रेमनगर के सुर्खा बानखाना निवासी मोहसिन ने किला थाना प्रभारी सुभाष सिंह को बताया कि उन्होंने बहन शहनाज का निकाह किला के मोहल्ला खन्नू मोहल्ला निवासी माजिद नवाज से आठ साल पहले किया था। शादी के बाद पति माजिद, जेठ वारिस खान और जेठानी शीबा अक्सर बहन की पिटाई करते थे।
कई बार रिश्तेदारों ने पंचायत की लेकिन शहनाज के ससुरालवाले नहीं सुधरे। यह लोग शहनाज को कई दिनों तक भूखा रखते थे। शहनाज ने इस बारे में अपने भाई को बताया था। 14 जनवरी को शहनाज की जेठानी ने फोन कर शहनाज की तबीयत खराब होने की सूचना दी।
जब मोहसिन अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने शहनाज को मृत घोषित कर दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुरालवालों की पिटाई और प्रताड़ना से तंग आकर शहनाज ने जान दे दी। ब्यूरो