फतेहगंज पूर्वी। विवाहिता ने डीजल छिड़ककर ससुरालियों पर आग लगाकर जान से मारने का आरोप लगाया है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने शनिवार को ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, फतेहगंज पूर्वी कस्बा के मोहल्ला शब्बीर कॉलोनी निवासी नसरीन ने आरोप लगाया है कि उसकी शादी दो वर्ष पूर्व मोहम्मद साजिद, ग्राम पदारथपुर डाकखाना, राजपुरी थाना फरीदपुर के साथ हुई थी। बुलेट और पांच लाख रुपये के लिए उसे प्रताड़ित किए जाने लगा। मारपीट के दौरान उसका गर्भपात भी हो गया। उसके बाद एक दिन मौका पाते ही पति, ससुर शराफत , सास सितारा बेगम, जेठ रशीद, आसिफ, नंद रिजवाना, शबाना, आसिया और नंदोई जाबिर ने उसके ऊपर डीजल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। चीखने की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग आ गए, जिन्होंने बड़ी मुश्किल से उसे बचाया। ससुराल वालों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया।
थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट के आरोप विवाहिता के ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।