छह ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट, पति हिरासत में
बरेली। किला निवासी विवाहिता को उसके ससुराल वालों ने तेजाब पिलाकर मार डाला। महिला के मायके वालों ने किला थाने में छह के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट कराई है। पुलिस ने महिला के शौहर को हिरासत में लिया है। पोस्टमार्टम में शरीर के अंदरूनी अंग झुलसने की वजह से मौत की पुष्टि हुई।
थाना प्रेमनगर के गुलाबनगर निवासी बादशाह ने बताया की दो साल पहले उन्होंने बहन रीना की शादी सुर्खा वाल्मीकि बस्ती किला के सामने रहने वाले इरशाद से की थी। शादी में जेवर और मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान दिया था लेकिन शादी के बाद से ही ससुराल वाले दस लाख रुपये और कार के लिए रीना को प्रताड़ित कर रहे थे। बहनोई ने शादी के दूसरे ही दिन बाइक बेच दी थी। उन लोगों ने ससुराल वालों को कई बार जाकर समझाया लेकिन वह नहीं माने।
बृहस्पतिवार रात रीना की ससुराल में अचानक मौत हो गई। पड़ोसियों ने इसकी सूचना शुक्रवार सुबह रीना के मायके वालों को दी। सूचना पर पहुंचे बादशाह और अन्य ने देखा तो रीना का शव चारपाई पर पड़ा था और उसके होंठ और जीभ जले हुए थे। परिजनों का आरोप है कि रीना के ससुराल वालों ने रीना को तेजाब पिलाकर मार दिया है। किला पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसमें शरीर में तेजाब जाने की पुष्टि हुई। महिला के शरीर के अंदरूनी अंग तेजाब से झुलसे हुए मिले। पुलिस ने इरशाद, उसके पिता इस्लाम, सास नाजमा, ननद अर्शी व महक और शकीला के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी। रीना के पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इंस्पेक्टर किला आरके तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कार्रवाई की जा रही है।