नवाबगंज। अपने को दरोगा बताकर एक युवक ने युवती के साथ विवाह रचा लिया। विवाह के बाद जब विवाहिता ससुराल पहुंची तो घटना की जानकारी हुई।
विवाह से पहले आरोपी ने युवती के पिता से ढाई लाख रुपये ऐंठ लिए। मामले की जानकारी होने पर जब विवाहिता ने विरोध किया तो उसे ससुरालियों ने मार-पीट कर घर से निकाल दिया। घटना की तहरीर विवाहिता ने आरोपियों के खिलाफ थाना नवाबगंज में देकर कार्रवाई की मांग की है।
चार युवतियों से पहले ही कर चुका है शादी
विवाहिता के परिजनों ने उसके पति के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है। उसने एक नहीं, बल्कि चार-चार शादियां कर रखी हैं। सभी में उसके खिलाफ मुकदमे चल रहे हैं। इसमें एक महिला जनपद गाजियाबाद, दूसरी थाना क्योलड़िया, तीसरी और चौथी महिला थाना बीसलपुर की है।
महिला ने तहरीर दी है। एक युवक पर फर्जी दरोगा होने का झांसा देकर शादी कर उसका शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- राजकुमार शर्मा, कोतवाल नवाबगंज