बरेली। सुभाषनगर क्षेत्र में शादी के महीनेभर बाद ही ज्योति (24 वर्ष) का शव घर के पीछे तालाब में मिला। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया तो पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया। पोस्टमाॅर्टम में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। मौके पर चर्चा रही कि गुस्से में विवाहिता ने खुद ही छत से तालाब में छलांग लगा दी।
मढ़ीनाथ हनुमान गढ़ी के सामने तालाब में शनिवार सुबह सात बजे ज्योति का शव मिला। ससुराल पक्ष के लोग उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सुभाषनगर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने ज्योति के पिता किला थाना क्षेत्र के गढ़ैया निवासी राजेश कुमार सैनी को बुला लिया। उन्होंने बताया कि एक नवंबर को उन्होंने बेटी की शादी लव शर्मा से की थी। लव इंद्रा मार्केट में कपड़े का काम करता है।
राजेश ने बताया कि शुक्रवार शाम उन्होंने ज्योति को कॉल की तो वह रिसीव नहीं हुई। शनिवार सुबह संपर्क करने पर ससुराल वालों ने तबीयत खराब होने और अस्पताल ले जाने की बात कही। इसके कुछ देर बाद ज्योति की मौत की सूचना मिली। उनका कहना है कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती। उन्होंने दहेज हत्या की आशंका जताई।
पड़ोसियों ने दिए अलग-अलग बयान
इंस्पेक्टर ने पूछताछ की तो कुछ पड़ोसियों ने सुबह सात बजे तालाब में कुछ गिरने की आवाज सुनाई देने की बात कही। एक पड़ोसी ने दावा किया कि उसने ज्योति को ढाई फुट ऊंची मुंडेर पर चढ़कर पीछे तालाब में कूदते देखा है, हालांकि बाद में उसने इस बात से इन्कार कर दिया। कुछ लोगों ने बताया कि ज्योति छत पर झाड़ू लगाकर कूड़ा फेंकने दूसरी मंजिल पर गई थी। शायद धोखे से तालाब में गिर गई।
डूबने से मौत, गिरने से चोट भी लगी
जिस तालाब में ज्योति का शव मिला, वह दरअसल तालाब नहीं है। आसपास के घरों का पानी भरने से नाले ने ही तालाब का रूप ले लिया है। पोस्टमॉर्टम में डूबने से ज्योति की मौत की पुष्टि हुई। उसके पेट व मुंह में गंदा पानी भरा मिला। उसकी कमर के पास काफी चोट लगी थी जो गिरने की वजह से लगने की बात बताई गई। पुलिस ने आरोपों में घिरे पति लव कुमार शर्मा को हिरासत में ले लिया। लव का कहना था कि ज्योति गुस्सैल स्वभाव की थी। उसने खुद ही तालाब में कूदकर जान दी है। वजह को लेकर वह भी असमंजस में है। इंस्पेक्टर ने पता लगाया कि ज्योति के पास मोबाइल फोन नहीं था। उसके पति का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो