560 अभियान चलाने का दावा, फिर भी नहीं थम रहा बाल विवाह
महिला कल्याण विभाग का दावा है कि बाल विवाह रोकने के लिए तीन वर्षों में 560 अभियान चलाकर 50,560 लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान 124 शिकायतें मिलीं। 76 बाल विवाह रुकवाए गए, जबकि 15 मामलों में कानूनी कार्रवाई की गई। महिला अस्पताल के आंकड़े महिला कल्याण विभाग के दावों का दम निकालने के लिए पर्याप्त हैं। हालांकि, डीपीओ मोनिका राणा का दावा है कि पिछले वर्षों की तुलना में बाल विवाह में कमी आई है। इस वर्ष अब तक प्राप्त 24 शिकायतों में से 14 बाल विवाह रुकवाए गए, जबकि दो पर कानूनी कार्रवाई हुई। आठ शिकायतें गलत भी पाई गईं।
महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. त्रिभुवन प्रसाद ने कहा कि अस्पताल में नियमित काउंसलिंग कराई जाती है। समय समय पर जागरूकता अभियान भी चलाए जाते हैं, ताकि कम उम्र में गर्भधारण व मातृ स्वास्थ्य संबंधी जोखिम कम किए जा सकें।
जिला प्रोबेशन अधिकारी मोनिका राणा ने बताया कि बाल विवाह रोकने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। पहले की तुलना में काफी कमी आई है। यदि कहीं भी ऐसी समस्या आ रही है तो सूचित करें, विभाग उसका तुरंत संज्ञान लेगा।