चहेते छात्र के नंबर बढ़ाने को वायवा में किया गया खेल छात्र के लिए मुसीबत बन गया। इसके साथ ही यह मामला भी शिक्षकों के बीच चर्चा में आ गया, जिसके चलते बरेली कॉलेज में हड़कंप मचा है। अब सेटिंग करके मामले को सुलझाने की कोशिश चल रही है क्योंकि इससे छात्र का भविष्य दांव पर लग गया है।
बरेली कॉलेज में एमए अंग्रेजी के छात्र ने वायवा में अच्छे नंबर पाने के लिए अपने परिचित शिक्षक से सेटिंग की। इसके बाद शिक्षक ने अपने करीबी शिक्षक से उस छात्र का वायवा कराने का प्लान बनाया लेकिन छात्र का रोल नंबर दूसरे बैच में पड़ गया।
मजबूरन छात्र ने उस बैच के साथ ही वायवा दे दिया। मगर जुगाड़बाज शिक्षक ने हार नहीं मानी और अपने करीबी शिक्षक से भी उसका वायवा करा दिया। मगर इसके बाद छात्र के नंबर जब विवि की वेबसाइट पर अपलोड किए गए तो मामला फंस गया।
लापरवाही के चलते छात्र के नंबर भी वेबसाइट पर दो जगह चढ़ा दिए गए। जब यह मामला खुला तो जुगाड़बाज शिक्षक और उनके करीबियों में हड़कंप मच गया। सुधार कराने के प्रयास में यह मामला शिक्षकों के बीच चर्चा का विषय बन गया लेकिन सभी इसे दबाने में जुटे हैं। चर्चा है कि शिक्षक विवि से सेटिंग कर वेबसाइट से नंबरों की एक एंट्री हटवाने की कोशिश कर रहे हैं।