बरेली। सोमवार सुबह रोस्टर के अनुसार दुकानें खुलीं, लेकिन तापमान ज्यादा होने से लोग सुबह और दोपहर बाद ही बाजार में खरीदारी को निकले। रेडीमेड गारमेंट्स, मिठाई और अन्य खान-पान दुकानों पर ग्राहकों की मौजूदगी ज्यादा रही।
असमंजस के बीच सोमवार सुबह नौ बजे बाजार खुलना शुरू हुआ, क्योंकि शनिवार देर रात तक जिला प्रशासन ईद पर बाजार अवकाश होने या न होने की स्थिति स्पष्ट नहीं कर पाया था। श्रम विभाग ने बाजार स्वेच्छा से रोस्टर अनुसार खोलने के लिए कह दिया था। इसके तहत ही लोगों ने रोस्टर से दुकानें खोलीं। कुछ स्थानों पर वे दुकानें भी खुल गईं जो रोस्टर में शामिल नहीं थीं। तापमान 42 डिग्री के पार होने से सड़कों पर लोगों की मौजूदगी कम रही। इसका असर बाजार पर भी पड़ा। शाम के वक्त खरीदारी को निकले लोगों ने छह बजे तक ही बाजार खुलने की वजह से जल्दबाजी में सामान खरीदा। पुराना शहर स्थित सैलानी, मीरा पैंठ, कांकरटोला, रोहली टोला में छिटपुट दुकानों को छोड़कर बाजार नहीं खुले। जबकि राजेंद्रनगर, इज्जतनगर, किला, सीबी गंज, सुभाषनगर, कैंट, सदर बाजार आदि स्थानों पर सामान्य स्थिति बनी रही।
मिठाई और गारमेंट्स पर जोर
ईद पर उपहार का आदान प्रदान करने के लिए मिठाई बाजार में चहलपहल बनी रही। रेडीमेट गारमेंट्स, फुटवियर बाजार में भी खरीदारी हुई। ज्वैलर्स शोरूम और दुकानें तो खुलीं लेकिन ग्राहक नहीं दिखे।
आज ये दुकानें खुलेंगी
किराना, ऑटोमोबाइल वर्कशॉप, बर्तन, मोबाइल, कंप्यूटर, आयरन, एसी, विद्युत उपकरण कास्मेटिक, शृंगार, फर्नीचर, ऑटोमोबाइल शोरूम, स्टेशनरी, पुस्तक, मिठाई, कन्फेक्शनरी, कृषि यंत्र