हॉस्पिटल बनाने का पास किया नक्शा, अब बीडीए छीन रहा जमीन
अहरोला में गाटा-55 पर स्थित 0.4055 हेक्टेयर जमीन देने को राजेंद्र नगर की रितु भूटानी राजी नहीं हैं। उनकी इस जमीन पर ग्लेन कैंसर सेंटर एंड मल्टीस्पेशिलिटी हॉस्पिटल बनाने की योजना है। इस बाबत बीडीए 26 अगस्त 2021 को नक्शा भी पास कर रखा है, लेकिन बीडीए का तर्क है कि ग्रेटर बरेली योजना के लिए आपसी सहमति के आधार पर भू-स्वामियों से उनकी जमीन खरीदने के लिए शुरुआती सूचना प्रकाशन होने के 11 महीने पूर्व हॉस्पिटल बनाने को नक्शा स्वीकृत किया गया था।
फिलहाल, जिला प्रशासन इनकी जमीन छोड़ने को तैयार नहीं है। उसने रितु भूटानी को नोटिस जारी कर तीन अक्तूबर को अपनी आपत्ति प्रस्तुत करने के लिए कलक्ट्रेट तलब किया है। वहीं, दूसरी तरफ देवीनरायन गौटिया रामनगर के राम सिंह का कहना है कि बीडीए ने उनकी गाटा-575 और 558 की कुल साढ़े सात बीघा खेती साल भर पहले अधिग्रहीत कर ली। अब न जमीन जोतने दे रहे हैं और न ही मुआवजा दे रहे हैं। डीएम से लेकर बीडीए के अधिकारियों तक कोई कई बार प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई है।
पहली टाउनशिप मांग रही नागरिक सुविधाएं
21-22 साल पहले की रामगंगानगर आवासीय योजना में लोगों को बसा नहीं पाया है। कई सेक्टर वीरान पड़े हैं, जिनमें आबादी है मकान बने हैं, वह नागरिक सुविधाएं नहीं हैं और न ही काफी संख्या में किसानों को मुआवजा अदा कर पाया है। रामगंगानगर में सुविधाएं जुटाने के बजाए वह अन्य नई टाउनशिप बसाने में जुटा है। इस मामले में बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मनिकंडन ए. और सचिव वंदिता श्रीवास्तव का पक्ष जानने को प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया है।