नवाबगंज। आधार कार्ड में संशोधन न होने से लोगों के कई कार्य अटक गए। यह मुद्दा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में भी उठा। इसमें 53 शिकायतें दर्ज हुईं, जिसमें सात का निस्तारण कराया गया।
शनिवार को तहसील सभागार में एडीएम प्रशासन दिनेश की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस में सुनवाई हुई। नगर पंचायत सेंथल के अध्यक्ष कंवर एजाज शानू व पूर्व ब्लाॅक प्रमुख प्रषोतम गंगवार ने सेंथल के आसपास क्षेत्र के दर्जनों गांव के ग्रामीणों के बच्चों के आधार कार्ड संशोधन न होने के कारण लोगों के महत्वपूर्ण कार्यों के अटकने का मुद्दा उठाया। एडीएम ने शीघ्र समस्या के निस्तारण के आदेश दिए।
अधकटा रव्वानी बेगम गांव के चन्द्रसेन, हुलासराय, रमेश, हेमराज ने शिकायत की कि गांव की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। हरदुआ गांव के राजीव शर्मा ने चकमार्ग पर कब्जे की शिकायत की, जिस पर जांच के आदेश दिए गए। संवाद