बरेली। एक बड़े व्यापारी नेता के भतीजे की ऑडियो रिकार्डिंग वायरल हुई है जिसमें वह चालीस हजार रुपये में एक ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध कराने की बात कह रहा है। हालांकि कॉल रिकार्ड हो जाने का एहसास होने के बाद उसने सफाई दी है कि लोग सिलिंडर नहीं लौटाते इसलिए वह बतौर सिक्योरिटी इतनी रकम मांग रहा है। पुलिस को ट्वीट किए जाने के बाद इस मामले की जांच इंस्पेक्टर प्रेमनगर को सौंप दी गई है।
कोरोना का दौर समाज के प्रभावशाली लोगों की भी कलई खोल रहा है। कालाबाजारी और ठगी जमकर हो रही है। शहर के एक बड़े व्यापारी नेता का भतीजा बताए जा रहे एक युवक का मोबाइल नंबर कई दिनों से शहर के व्हाट्सएप और फेसबुक ग्रुपों पर इस मेसेज के साथ वायरल हो रहा था कि वह संक्रमितों के लिए मुफ्त दवा और ऑक्सीजन का इंतजाम करा रहा है। कुछ मरीजों के परिवार ने जब इस नंबर पर संपर्क किया तो पता चला कि वह समाजसेवा नहीं कर रहा बल्कि महंगे दामों पर ऑक्सीजन बेचने का धंधा कर रहा है।
इसके बाद एक न्यूज चैनल के कर्मचारी ने वायरल हो रहे नंबर पर मरीज की तीमारदार बनकर बात की तो व्यापारी नेता के भतीजे ने एक ऑक्सीजन सिलिंडर चालीस हजार रुपये में देने की बात कहते हुए उसे राजेंद्रनगर आने को कहा। रिकार्डिंग वायरल होने के बाद युवक ने सफाई दी है कि लोग गैस ले जाने के बाद खाली सिलिंडर नहीं लौटा रहे हैं इसलिए उसने 40 हजार रुपये सिक्योरिटी के तौर पर मांगे थे। मामले की शिकायत ट्वीट के जरिए पुलिस से की गई है जिसके बाद प्रेमनगर इंसपेक्टर को मामले की जांच सौंपी गई है।
आठ से नौ हजार का सिलिंडर और सिर्फ चार सौ में रीफिलिंग
शहर की एक प्रमुख गैस एजेंसी के मुताबिक आम दिनों में एक खाली सिलिंडर की कीमत सिर्फ आठ से नौ हजार होती है और उसमें ऑक्सीजन की रीफिलिंग भी सिर्फ चार सौ रुपये में हो जाती है। ऐसे में ऑक्सीजन सिलिंडर की कई गुना ज्यादा 40 हजार रुपये की कीमत वसूलना पूरी तरह नाजायज है। उन्होंने बताया कि इन दिनों खाली सिलिंडरों का संकट जरूर है लेकिन फिर भी फ्लो मीटर और वॉल्व समेत ऑक्सीजन सिलिंडर बमुश्किल 16 हजार रुपये में बुक कराया जा सकता है।