आंवला: दहेज की मांग पूरी न होने पर दिया तीन तलाक, रिपोर्ट
आंवला थाने में तीन तलाक का मामला दर्ज कराया गया है। पीड़ित खालिदा खान ने बताया कि डेढ़ साल पहले प्रेम प्रसंग के बाद उसका निकाह दरावनगर गांव निवासी युवक सद्दाम खान के साथ हुआ था। निकाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे अपशब्द कहकर अपमानित करने लगे। कारोबार बढ़ाने के लिए धीरे-धीरे उसके सारे जेवर हड़प लिए। दो महीने पहले बेटी के जन्म होने के बाद से ससुरालियों ने उसे और ज्यादा परेशान करना शुरू कर दिया।
शहर में प्लॉट खरीदने के लिए पांच लाख के दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर 28 फरवरी को रात दस बजे ससुरालियों ने विवाहिता की पिटाई लगाई। पति ने तीन तलाक बोलकर दो महीने की बेटी के साथ घर से निकाल दिया। विवाहिता का आरोप है कि बाद में उसे जानकारी हुई कि पति सद्दाम पहले भी शादी कर चुका है और उसके दो बेटियां व एक बेटा भी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी सद्दाम खान, ससुर रईस खान, सास नाजिर व देवर फारूख खान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।