पीलीभीत के पूरनपुर में निकाह का झांसा देकर युवती का यौन शोषण किया गया। बाद में युवक ने निकाह करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि निकाह की बात करने पहुंची पीड़िता को आरोपी के परिजन ने गाली-गलौज कर घर से भगा दिया। पुलिस ने एसपी के आदेश पर मामले की रिपोर्ट दर्ज की है।
एक मोहल्ला की युवती ने बताया कि मोहल्ला निवासी युवक से उसकी पांच साल पहले जान पहचान हुई थी। आरोपी ने निकाह का झांसा देकर उससे कई बार संबंध बनाए। अपने माता-पिता, चाचा, चाची, भाइयों से मिलवाया। तब उसके परिजन ने युवक से उसका निकाह कराने का वायदा किया।
पीड़िता ने बताया कि निकाह की बात कहने पर अक्सर युवक टाल-मटोल कर देता था। बाद में उसने निकाह करने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने आरोपी के परिजन से मिलकर निकाह कराने को कहा। आरोप है कि युवक के परिजनों ने उसे गालियां देकर घर से भगा दिया।