निगोही। कार चलाना सीख रहे युवक ने मायके आई एक महिला की जान ले ली, जबकि उसकी चार साल की मासूम बेटी और पति समेत सात लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गंभीर घायल महिला के पति को बरेली रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतका की मां की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कार चालक फरार है, जबकि कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्र के गांव धुबला करीमनगर निवासी 25 वर्षीय हासमीन पत्नी कल्लू की नानी का पीलीभीत केे थाना बिलसंडा में तीन दिन पहले इंतकाल हो गया था। इसलिए वह पति, सास, जेठानी के साथ बिलसंडा गई थी। बृहस्पतिवार को वहां से लौटते समय देर हो गई। इसलिए वह निगोही कस्बे में पिता जाबिर खां के घर परिवार सहित रुक गई। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे हासमीन अपनी चार वर्ष की बेटी अरसला, पति कल्लू, सास सायरा, जेठानी नन्हीं, भाई आमिर, दो वर्षीय भतीजे मुन्ना और यासमीन के साथ कस्बे में ही मौसा वशीर के घर जा रही थी। यह लोग बारहराना के पास चंदा खां के मकान के सामने पहुंचे तो वहां मोहम्मद इकबाल खां उर्फ लड्डन के खाली पड़े खेत में नासिर अली का पुत्र 22 वर्षीय आकिब कार चलाना सीख रहा था। कार में नत्थू भी बैठे थे। फिर वह कार को सड़क पर ले आया, एकाएक कार की गति तेज हुई और अनियंत्रित होकर हासमीन और उनके परिवार वालों पर चढ़ गई। हादसे में हासमीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी अरसला और पति सहित परिवार के अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद आकिब और नत्थू कार छोड़कर भाग गए। एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, हासमीन के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। मृतका के पति कल्लू को गंभीर हालत में बरेली रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि मृतका की मां शमीम बानो की तहरीर पर कार चालक आकिब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कार को कब्जे में ले लिया गया है।