बरेली के सीबीगंज क्षेत्र में युवती को दूसरे समुदाय का युवक फुसलाकर ले गया। इससे लोग में आक्रोश फैल गया। लोगों ने रविवार को थाने का घेराव कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
बरेली के सीबीगंज क्षेत्र में युवती को ले जाने के आरोपी दूसरे समुदाय के युवक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर राजनीतिक लोगों और ग्रामीणों ने रविवार को मोर्चा खोल दिया। ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया। इंस्पेक्टर के 24 घंटे में युवती को तलाशने और आरोपी को गिरफ्तार करने के आश्वासन पर लोग शांत हुए।
विज्ञापन
आरोप है कि इलाके के एक गांव की युवती को दूसरे समुदाय का वाहिद उर्फ भूरा फुसलाकर ले गया है। युवती के भाई ने वाहिद व उसके भाई के खिलाफ शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि वाहिद ने अपना धर्म छिपाकर पहले युवती से दोस्ती की, फिर उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। पुलिस ने धर्म छिपाकर धोखा देकर संबंध बनाने की धाराओं में मामला दर्ज करके आरोपी की तलाश कर रही है।
लोगों ने थाने का किया घेराव
रविवार को युवती के समुदाय के लोग आक्रोशित हो गए। पार्षद के पति उमेश गंगवार व पूर्व पार्षद सुखदीश कश्यप के नेतृत्व में ग्रामीण एकजुट होकर थाने पहुंचे और घेराव कर हंगामा करने लगे। लोगों के आक्रोश को देखते हुए इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने 24 घंटे में युवती को तलाश कर आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया तो ग्रामीण लौट गए।