बेरोजगार शौहर कहता है कि कुछ भी करो पैसा कमाकर लाओ। अब मैं कहां से पैसा कमाकर लाऊं। विरोध किया तो तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। सोमवार को कोतवाली पहुंची युवती ने तहरीर देकर अपने शौहर पर यह आरोप लगाया। पुलिस ने उसके शौहर से बात की तो उसने तीन तलाक देने से इंकार कर दिया। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।
मुंबई की रहने वाली 28 वर्षीय महिला के मुताबिक आजमनगर निवासी युवक से उसका निकाह 30 जनवरी 2014 को मुंबई में हुआ था। वह मुंबई में ही नौकरी करता था। अब उसकी तीन साल की बेटी भी है।
तीन महीने पहले नौकरी छोड़कर शौहर उसे लेकर बरेली चला आया। यहां उसके साथ दहेज के लिए मारपीट की जाने लगी। बेरोजगार शौहर अनैतिक कामों के जरिये पैसा कमाने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर बेटी को पीटता था।
उसके इंकार पर तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। तबसे वह बारादरी में अपनी रिश्तेदारी में रह रही है। इंस्पेक्टर कोतवाली गीतेश कपिल के मुताबिक पुलिस को आजमनगर में महिला की ससुराल भेजा गया था। उसका शौहर दिल्ली गया हुआ है।
फोन पर बातचीत में उसने तीन तलाक देने से इंकार किया। बताया कि बीवी खुद नाराज होकर गई है। वह उसे साथ रखने को भी तैयार है। अब शौहर के लौटने के बाद दोनों पक्षों की पंचायत कराई जाएगी। फिलहाल मामले की जांच कुतुबखाना चौकी इंचार्ज चमन गिरि को सौंपी गई है।