बहेड़ी/देवरनियां। बेटे को रेलवे में अवर अभियंता पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर देवरनियां थाना क्षेत्र के कठर्रा गांव निवासी मोहनलाल से आरोपियों ने 11.70 लाख रुपये ठग लिए। मामले में एसएसपी के आदेश पर देवरनियां थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मोहनलाल ने थाना प्रभारी को बताया कि गांव गुना हट्टू निवासी सुनील कुमार से जान-पहचान थी। आरोपी ने बेटे कपिल देव की नौकरी रेलवे में लगवाने की बात कही। उसने 12 लाख रुपये मांगे। परिचित होने की वजह से उन्होंने आरोपी की बातों पर विश्वास कर लिया। हालांकि, इतने रुपये न होने पर उन्होंने टुकड़ों में रुपये देने की बात कही। आरोपी इस पर सहमत हो गया।
मोहनलाल ने बताया कि उन्होंने कई बार में ऑनलाइन माध्यम से सुनील कुमार के बैंक खाते में कुल 11,70,400 रुपये भेजे। सुनील कुमार ने बेटे कपिल देव के सभी कागजों की छायाप्रति भी ले ली। उन्हें विश्वास दिलाया कि वह बहुत जल्दी नौकरी लगवा देगा। अब तक बेटे की नौकरी नहीं लगी है।
अब आरोपी न तो कॉल ही रिसीव कर रहा है और न ही रुपये लौटा रहा है। जब वह उसके घर पहुंचे तो वह ताला डालकर परिवार के साथ फरार मिला।