बरेली के देवरनियां क्षेत्र में लड़की को ले जाने के आरोपी के चाचा फुरकान की सोमवार को मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि लड़की पक्ष ने घर आकर धमकाया तो उसी सदमे में फुरकान की जान चली गई। देवरनियां थाने के गेट पर शव रखकर परिजनों व ग्रामीणों ने ढाई घंटे तक जमकर हंगामा किया। पुलिसकर्मियों से उनकी तीखी नोकझोंक हुई। भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ीं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया तो परिजनों का गुस्सा शांत हुआ।
देवरनियां थाना क्षेत्र के गांव कठर्रा निवासी सोहेल का एक लड़की से प्रेम प्रसंग है। वह दो मई को लड़की को साथ ले गया। चार मई को लड़की के परिजनों ने सोहेल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस बीच सोमवार को सोहेल के चाचा फुरकान की मौत हो गई। परिजन और गांव वाले शव लेकर देवरनियां थाने पहुंचे और शव गेट पर रखकर हंगामा करने लगे। सलमान ने आरोप लगाया कि लड़की पक्ष ने घर आकर धमकी दी थी, जिसके सदमे से पिता फुरकान की मौत हो गई। सीओ अरुण कुमार सिंह व बहेड़ी, शेरगढ़, भोजीपुरा की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।