फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: घर में घुसकर डॉक्टर की बेटी और बेटे पर किया था तेजाब से हमला, दोषी को 20 साल का कारावास

Sat, 31 Jan 2026 03:24 PM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली

सार

बरेली में डॉक्टर की बेटी और बेटे पर तेजाब से हमला करने वाले दोषी को कोर्ट ने 20 साल कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट ने दोषी पर एक लाख पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली में स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट कोर्ट संख्या तीन ने घर में घुसकर छात्रा और उसके भाई पर तेजाब फेंकने व पॉक्सो एक्ट में दोषी इज्जतनगर थाना क्षेत्र के राजीव एन्क्लेव निवासी युवांश गंगवार को 20 साल की कैद और एक लाख पांच हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना अदा न करने पर दोषी को एक साल अतिरिक्त जेल में रहना होगा। कोर्ट ने शुक्रवार को यह फैसला सुनाया। 

विज्ञापन


भुता थाना क्षेत्र के एक दंत चिकित्सक के भाई इज्जतनगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में किराये के मकान में रहकर एमबीबीएस कर रहे थे। उनके साथ उनकी भतीजी और कक्षा 11 का छात्र भतीजा भी रह रहे थे। भतीजी नीट की तैयारी कर रही थी। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 सितंबर 2023 को युवांश गंगवार उनके घर में घुस आया। उसने भतीजी और भतीजे पर तेजाब फेंक दिया और दोनों के मोबाइल फोन लेकर भाग गया। तेजाबी हमले में उनकी भतीजी और भतीजे के चेहरे बुरी तरह से झुलस गए थे।

पुलिस ने विवेचना के बाद चार्जशीट दाखिल कर दी। सुनवाई के दौरान अभियोजन की ओर से छह गवाह पेश किए गए। दोनों पक्षों को सुनने, मेडिकल रिपाेर्ट और डॉक्टर व गवाहों के बयानों के आधार पर कोर्ट ने युवांश गंगवार को पॉक्सो एक्ट, घर में घुसकर हमला करने और तेजाब फेंकने की धाराओं में दोषी करार देते हुए कैद व जुर्माने की सजा सुनाई है। 

विज्ञापन

नाबालिग से छेड़खानी के दोषी को तीन साल की कैद
स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट कोर्ट संख्या एक ने शुक्रवार को घर में घुसकर नाबालिग से छेड़खानी के दोषी कैंट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी शिलेंद्र को तीन साल की कैद और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। कैंट थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 दिसंबर 2020 को गांव के ही शिलेंद्र ने उसकी 14 साल की बेटी को बदनीयत से पकड़ लिया। उसके साथ छेड़खानी और दुष्कर्म की कोशिश की। पुलिस ने विवेचना के बाद चार्जशीट दाखिल कर दी। अभियोजन की ओर से सुनवाई के दौरान छह गवाह पेश किए गए। कोर्ट ने शिलेंद्र को घर में घुसकर किशोरी से छेड़खानी का दोषी करार देते हुए कैद व जुर्माने की सजा सुनाई है। 
विज्ञापन

किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म के दोषी को 10 साल की कैद
स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट कोर्ट संख्या एक ने शुक्रवार को पीलीभीत के थाना सुनगढ़ी के गांव रम्पुरिया निवासी दीन दयाल को अपहरण और पॉक्सो एक्ट में दोषी करार देते हुए 10 साल की कैद और 25 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना अदा न करने पर दोषी को छह माह अतिरिक्त जेल में रहना होगा।

देवरनियां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दीन दयाल की ननिहाल उसके गांव में है। वह अपनी ननिहाल आया हुआ था। 21 मई 2015 की रात दीन दयाल उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसला कर अगवा कर ले गया। इसके बाद दुष्कर्म किया। विवेचना के बाद पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी। सुनवाई के दौरान अभियोजन की ओर से छह गवाह पेश किए गए। पीड़िता बयानों पर अडिग रही। दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने दीन दयाल को अपहरण और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में दोषी करार देते हुए कैद व जुर्माने की सजा सुनाई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें