शाहजहांपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र के चिनौर निवासी शंभू श्रीवास्तव के पुत्र रितेश उर्फ सुमित श्रीवास्तव (26 वर्ष ) ने शादी से करीब एक माह पहले जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। आरोप है कि लड़की पक्ष बरात में ज्यादा आभूषण लाने का दबाव बना रहा था। इसी वजह से वह तनाव में था।
रितेश की मां सीमा श्रीवास्तव पुलिस लाइन की कैंटीन में कार्यरत हैं। डेढ़ साल पहले रितेश का विवाह हरदोई जिले की एक युवती के साथ तय हुआ था। अगले माह 22 फरवरी को उसकी बरात जानी थी। सोमवार की सुबह सीमा काम पर चली गईं। रितेश घर पर अकेला था। इस बीच उसने हलवे में जहरीला पदार्थ मिलाकर खा लिया।
ये भी पढ़ें- सनसनीखेज: शाहजहांपुर में तलवार से काटकर 16 साल की बेटी की हत्या, वारदात के बाद पूरा परिवार फरार
हालत गंभीर होने पर भाई रोहित ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम हाउस पर आई मृतक की मां सीमा ने बताया कि हमारी ओर से दहेज नहीं मांगा गया था। लड़की पक्ष ही आभूषण ज्यादा लाने का दबाव बना रहे थे। इतनी व्यवस्था नहीं होने पर उन्होंने शादी से इन्कार कर दिया। इससे परेशान होकर बेटे ने जहर खाकर जान दी है।