Bareilly News: युवक से 92 हजार रुपये लेकर कराई शादी, पांच महीने बाद पत्नी को ले गए आरोपी, बेचने का आरोप
Tue, 09 Dec 2025 05:11 PM IST
मुकेश कुमार
संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहगंज पूर्वी (बरेली)
सार
बरेली में तीन लोगों ने 92 हजार रुपये लेकर युवक की शादी कराई। पांच महीने बाद आरोपी उसकी पत्नी को बहाने से ले गए। उसके बाद से उसकी पत्नी का पता नहीं चल रहा है। युवक ने आरोपियों पर पत्नी को बेचने का आरोप लगाया है।
बरेली में शादी करवाने के नाम पर भमोरा थाना क्षेत्र के गांव रुद्रपुर निवासी विनोद यादव से ठगी कर ली गई। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसकी पत्नी को दूसरी जगह ले जाकर बेच दिया है। विनोद ने सीओ फरीदपुर को शिकायतीपत्र देकर फतेहगंज पूर्वी के गांव चठिया चटनपुर निवासी रामकिशन, गुड्डू और कन्यावती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक पीड़ित विनोद यादव ने बताया कि उसकी शादी 20 जून को सीतापुर के एक मंदिर में पूजा नाम की लड़की से करवाई गई थी। इसमें उससे 92 हजार रुपये उन लोगों ने शादी में खर्च करने के नाम पर लिए थे। लेकिन पांच महीने बाद ये तीनों लोग उसके घर आए और पत्नी के मायके में किसी बच्चे का जन्मदिन बताकर अपने साथ ले गए। जब विनोद अपनी ससुराल गया तो उसे पत्नी के बारे में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई।
बाद में किसी से उसे पता चला कि उक्त लोगों ने उसकी पत्नी को किसी और को बेच दिया है। उसकी पत्नी घर में रखे उसकी मां के साढ़े पांच लाख रुपये के जेवरात और घर बनवाने को रखे एक लाख रुपये भी ले गई है। सीओ फरीदपुर संदीप सिंह के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।