फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुबराती हत्याकांड का आरोपी बन्ने नवाबगंज थाने से फरार

विज्ञापन
बन्ने से पूछताछ करती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन

मुंह धोने के बहाने पहरे पर खड़े होमगार्ड को धक्का देकर भागा

बरेली/नवाबगंज। नवाबगंज के ईंध जागीर निवासी सुबराती की हत्या के मामले में आरोपी बन्ने खान गुरुवार को होमगार्ड को धक्का देकर थाने से फरार हो गया। इस दौरान मुंशी सोते रहे। पुलिस बन्ने को चार दिन से पूछताछ के नाम पर थाने में बैठाए थी। पुलिस अब सरगर्मी से उसकी तलाश में जुटी है। दबाव बनाने के लिए परिवार के कई लोगों को थाने में बैठा लिया गया है। हालांकि पुलिस अपनी फजीहत से बचने के लिए तर्क दे रही है कि बन्ने की गिरफ्तारी को रिकॉर्ड में नहीं लिया गया था।
विज्ञापन

क्योलडिया थाना क्षेत्र के गांव कुईया रामपुर निवासी 25 वर्षीय सुबराती काफी समय से ईंधजागीर गांव में अपने चाचा अलाउद्दीन के घर रहकर मजदूरी करता था। भाई रजा बख्श के मुताबिक, सुबराती की मोहल्ला यासीन नगर के बन्नेशाह, इसरार, आबिद और कदीर से दोस्ती थी। बन्ने के सुबराती पर कुछ रुपये आ रहे थे। इनका वह काफी दिनों से तकाजा कर रहा था, लेकिन सुबराती रुपये नहीं लौटा रहा था। एक जून को बन्ने मछली पकड़ने के बहाने सुबराती को अपने साथ ले गया, इसके बाद सुबराती घर नहीं लौटा। छह जून को उसका शव मिला। भाई रजा बख्श ने सुबराती के चारों दोस्तों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी।
चार दिन पहले पुलिस ने बन्ने शाह को हिरासत में लेकर थाने में बैठा लिया था। उससे रोज ही अलग-अलग दरोगा पूछताछ कर रहे थे। बुधवार को उसके खिलाफ रिपोर्ट होने के बाद गुरुवार को उसे कार्रवाई दिखाकर दाखिल करना था, लेकिन इससे पहले ही सुबह पांच बजे बन्ने शाह मुंह धोने के बहाने पहरे पर तैनात होमगार्ड घासीराम को धक्का देकर भाग गया। उस वक्त हेड मोहर्रिर राजेंद्र प्रसाद चौकी पर सो रहे थे। बन्ने के भागने के बाद थाने में हडकंप मच गया। पुलिस ने कई जगह दबिश दीं पर वह नहीं मिला तो पुलिस उसके भाई और बहन को थाने ले आई।

हत्या-लूट की रिपोर्ट लिखने में बचती है नवाबगंज पुलिस

सुबराती का शव छह जून को बरामद हुआ था, पुलिस को उसी दिन मामला दर्ज कर लेना चाहिए था, लेकिन पुलिस ने ऐसा नही किया। हालांकि पुलिस ने आरोपी को थाने लाकर बैठा लिया। बाद में अधिकारियों की फटकार के बाद रिपोर्ट लिखी। गंगापुर के तेजबहादुर हत्याकांड में भी एक माह बाद तब रिपोर्ट लिखी जब महिलाओं ने थाना घेर लिया।

बन्ने शाह के भाई ने एक दिन पहले ही एडीजी से की थी शिकायत

आरोपी बन्ने शाह के भाई बुंदा शाह ने एक दिन पहले ही यानी बुधवार को एडीजी को पत्र देकर मांग की उसके भाई को चार दिनों से थाने में पुलिस ने बैठा रखा है। जब उसे खाना खिलाने जाते हैं तो पुलिस खाना नहीं देने देती। बन्ने की रोजाना थाने में पिटाई की जा रही है, जबकि वह बीमार है। यदि वह आरोपी है तो उसे जेल भेज दिया जाए। एडीजी ने सीओ को जांच के लिए लिखा, लेकिन उनके जांच शुरू करने से पहले ही बन्ने फरार हो गया।

बन्ने को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। हिरासत में नहीं लिया था। हां, उसे आजकल में ही जेल भेजा जाना था। जल्दी ही उसे गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा। - सुरेंद्र सिंह पचौरी, इंस्पेक्टर

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें