ऑनलाइन शापिंग साइट पर बुक किए थे जूते
बरेली। ऑनलाइन शॉपिंग साइट पर जूते बुक करने के बाद एक युवक ने हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर डिलीवरी की जानकारी ली तो उन्हें एक मैसेज फॉरवर्ड करने को बोला गया। मैसेज फॉरवर्ड करते ही युवक के बैंक खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने एसएसपी दफ्तर में सीओ टू से शिकायत की है। सीओ ने साइबर सेल को मामले की जांच सौंप दी है।
शेरगढ़ के गांव बैरमनगर निवासी हासिम खेती करते हैं। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन से पहले 19 मार्च को ऑनलाइन शॉपिंग साइट से एक जोड़ी जूते बुक किए थे। इसके लिए करीब दो हजार रुपये का एडवांस पेमेंट भी किया था। लॉकडाउन के चलते डिलीवरी नहीं हो सकी। अब सुविधाएं चालू होने पर उन्होंने कंपनी के बताए जा रहे हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर जानकारी ली तो उन्हें एक अन्य नंबर दिया गया। हासिम के मुताबिक फोन पर बात कर रहे व्यक्ति ने उन्हें एक मैसेज फॉरवर्ड करने को कहा। आरोप है कि जैसे ही उन्होंने मेसेज फॉरवर्ड किया बैंक खाते से चार बार में एक लाख रुपये निकाल लिए गए। उसके बाद से वह नंबर भी बंद जाने लगा। खाते से रकम निकली तो हासिम के मोबाइल पर बैंक से मैसेज आया। एकाउंट से रकम निकलने का पता चलते ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी। बैंक को भी इस बारे में जानकारी दी है।