बहेड़ी। एसएसपी दफ्तर के बाहर महिला से आत्मदाह की धमकी दिलाने के पीछे रंगदारी वसूलने की साजिश थी। पुलिस ने बरेली निवासी यूसुफ को गिरफ्तार किया तो इसका खुलासा हुआ। पुलिस ने उसके पास से पांच हजार रुपये और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया।
उल्हैतापुर निवासी अजयपाल ने 14 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि इज्जतनगर के मुंशीनगर निवासी यूसुफ ने खुद को पत्रकार बताकर उनसे पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रुपये न देने पर यूसुफ ने मीना नाम की महिला के जरिये धमकी दी थी। कहा गया था कि महिला एसएसपी कार्यालय के बाहर तेल डालकर आत्मदाह कर लेगी। साथ ही, अजयपाल के बच्चे का अपहरण कर जान से मारने की भी धमकी दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में शनिवार को गुड़वारा के पास से यूसुफ को गिरफ्तार किया था।
आरोपी ने कबूला जुर्म
पूछताछ के दौरान आरोपी यूसुफ ने बताया कि उसका बहेड़ी आना-जाना लगा रहता था। पांच महीने पहले उसका वहां की निवासी मीना से परिचय हुआ। मीना के माध्यम से उसने अजयपाल के पारिवारिक मुकदमों की जानकारी जुटाई थी। इसी के आधार पर उसने रंगदारी मांगने की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, आपराधिक कृत्य और षड्यंत्र रचने जैसी धाराओं में कार्रवाई की है।
जेल भेजा गया आरोपी
सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि यूसुफ शातिर अपराधी है। उसे अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।